रायपुर.जनवरी के पहले पखवाड़े में उत्तर छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में ठंड (CG Cold Wave) ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग चार डिग्री नीचे बना हुआ है, जिससे सुबह और रात के समय कंपकंपी जैसी स्थिति बनी हुई है।
न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री तक पहुंचा
बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान में भी करीब दो डिग्री की गिरावट (Weather Update) देखी गई। ठंडी हवाओं के कारण सुबह के समय कोहरा और सर्दी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर छत्तीसगढ़ तक
मौसम विज्ञानियों के अनुसार लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालय और उत्तराखंड क्षेत्र में बर्फबारी और बारिश हो रही है। इसका सीधा असर उत्तर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही सर्द हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान लगातार 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
पांच जनवरी से लगातार सामान्य से नीचे तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अंबिकापुर में पांच जनवरी से लगातार न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। वर्तमान में तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री कम बना हुआ है। मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं मिलने से आगामी एक-दो दिनों तक ठंड के तेवर तीखे बने रहने की संभावना जताई गई है।
हाल के दिनों का तापमान रिकॉर्ड
अगले 48 घंटों के दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। हालिया तापमान आंकड़ों के अनुसार 13 जनवरी को अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री और न्यूनतम 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 14 जनवरी को अधिकतम तापमान गिरकर 22.6 डिग्री और न्यूनतम 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान में लगातार हो रही गिरावट को देखते हुए मौसम विभाग ने ठंड से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
विशेषकर सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक ठंड का असर बने रहने की चेतावनी जारी की है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, वहीं सुबह-शाम गर्म कपड़ों के उपयोग पर जोर दिया गया है
।





Users Today : 11
Users Yesterday : 43