महासमुंद l जिला मुख्यालय से सटे ग्राम बेलसोंडा के सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार 16 मार्च को बिसेन फूड इंडस्ट्रीज द्वारा संचालित लिटिल बाइट आइसक्रीम फैक्ट्री के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने फैक्ट्री को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए इसे तत्काल बंद करने, जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लिए फैक्ट्री का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। उनका मुख्य आरोप है कि फैक्ट्री में प्रदूषित पानी और धूल-मिट्टी के बीच आइसक्रीम का निर्माण किया जा रहा है, जो बच्चों और पूरे परिवार के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाला गंदा पानी बाहर बहाया जा रहा है, जिससे आसपास दुर्गंध फैल रही है और प्रदूषण बढ़ रहा है। इससे खेतों, जल स्रोतों और आसपास की जमीन प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण सूर्या चंद्राकर ने आरोप लगाया, “फैक्ट्री में दूषित पानी से आइसक्रीम बनाई जा रही है, जो बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रही है।” वहीं ग्रामीण महिला ललिता ने बताया, “गंदे पानी और बदबू के कारण खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है। यह स्थिति लगातार बनी हुई है और बच्चों की सेहत पर इसका सीधा प्रभाव पड़ रहा है।”
प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि विभाग सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। विभाग के जिला अधिकारी उमेश वर्मा ने कहा, “ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है। जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।”
दूसरी ओर, बिसेन फूड इंडस्ट्रीज के नीरज सिंह बिसेन ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा, “हमारी फैक्ट्री में तीन बोरवेल हैं और आरओ वाटर से ही आइसक्रीम बनाई जाती है। प्रदूषण हमारी फैक्ट्री से नहीं, बल्कि आसपास की अन्य फैक्ट्रियों से फैल रहा है।”
स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध को और तेज करते हुए गांव में मुनादी कराई है कि कोई भी लिटिल बाइट आइसक्रीम न खाए। बता दें कि आइसक्रीम उत्पादन एक संवेदनशील खाद्य उद्योग है, जिसमें FSSAI के सख्त मानकों का पालन अनिवार्य है। फैक्ट्री को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी लेना होता है तथा उत्पादन स्थल, उपकरण, दीवारों और कर्मचारियों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होने की संभावना है। यह मामला स्थानीय स्तर पर खाद्य सुरक्षा और पर्यावरण प्रदूषण के मुद्दे को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।





Users Today : 35
Users Yesterday : 67