रायपुर. विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल का २० माह बाद आखिरकार बुधवार को विस्तार हो गया। राजभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में राज्यपाल रमेन डेका ने साय सरकार के तीन नए मंत्रियों गजेंद्र यादव, राजेश अग्रवाल और गुरु खुशवंत साहेब को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। तीनों ने हिंदी में शपथ ली। छत्तीसगढ़ में अब हरियाणा की तरह 14 मंत्री हो गए हैं। शपथ लेने के बाद तीनों मंत्रियों को विभागों का जिम्मा भी सौंप दिया गया। जानकारी के मुताबिक तीनों मंत्री गुरुवार को दिल्ली जा सकते हैं।
२० माह के बाद मंत्रिमंडल विस्तार: छत्तीसगढ़ में अब 14 मंत्री, कई के विभाग में व्यापक बदलाव
गजेंद्र यादव- स्कूल शिक्षा, विधि-विधायी एवं ग्रामोद्योग विकास। राजेश अग्रवाल- पयर्टन, संस्कृति धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व। गुरु खुशवंत साहेब- कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसचित जाति विकास।
तीनों मंत्रियों के सामने ये चुनौतियां
शीर्ष नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरना।
प्रदेश की जनता की कसौटी पर खरा उतरा ।
विभाग के काम को नए सिरे से आगे बढ़ाना।
स्कूल शिक्षा विभाग में नई शिक्षा प्रणाली लागू करना ।
पयर्टन-संस्कृति के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की पहचान बनाना।
टेक्निकल एजुकेशन में नवाचार करना।
वरिष्ठ विधायकों को साथ लेकर चलना।
साय सरकार में 2028 के चुनावी रोड मैप का खाका तैयार कर सेकंड लाइन की टीम को आगे बढ़ाने का काम किया है। राजनीतिक पंडितों के अनुसार भाजपा ने अब नई पीढ़ी को आगे करने का काम शुरू कर दिया है।
विपक्ष नहीं हुआ शामिलसमारोह से विपक्ष ने दूरी बनाकर रखी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत का कहना है, उनका कोरबा और जांजगीर-चांपा का कार्यक्रम पहले से तय था। वहीं कार्यक्रम की सूचना भी देरी से मिली थी।
सीएम की सीख: जनसेवा को तत्पर रहें
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शपथ ग्रहण करने वाले कैबिनेट के नए सदस्य गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब तथा राजेश अग्रवाल को बधाई दी है। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त मंत्रीगण अपनी समर्पित निष्ठा और कार्यकुशलता के साथ जनसेवा के लिए पूर्ण तत्परता से कार्य करेंगे तथा छत्तीसगढ़ राज्य को विकास और सुशासन की दिशा में नए आयाम प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार सामूहिक सहयोग और प्रतिबद्धता के बल पर जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
नए विधायकों को मंत्री बनाने के मायने
तीनों नए विधायकों को मंत्री बनाए जाने के पीछे कई राजनीतिक मायने हैं। सबसे पहले तो जाति समीकरण, क्षेत्रीय संतुलन और युवा विधायक है। इसके अलावा तीनों नए विधायक को मंत्री बनाकर एक संदेश दिया है कि भाजपा अब नई और युवा टीम को आगे रखकर राजनीति करेगी। इससे प्रदेश का युवा वर्ग जो राजनीति में रुचि रखते हैं वे भाजपा से प्रभावित होंगे।
पहली बार आदिम और अनुसूचित जाति विकास दो मंत्रियों के पास
छत्तीसगढ़ ने मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ ही भाजपा ने कई इतिहास रच दिए है। प्रदेश में पहली बार नए नियमों के बाद 14 मंत्री होंगे। पहली बार आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास अलग-अलग दो मंत्रियों के पास होगा। आदिम जाति कल्याण विभाग रामविचार नेताम और अनुसूचित जाति विकास विभाग नवनियुक्त मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के पास रहेगा। इससे दोनों जाति वर्ग के विकास में तेजी आने की उम्मीद है। पहली बार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जल संसाधन विभाग अपने पास रखा है। पहले यह विभाग मंत्री केदार कश्यप के पास था। हालांकि जल संसाधन के बदले केदार को परिवहन विभाग दिया गया है। यह विभाग सीएम के पास था। राज्य सरकार ने मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ मंत्रियों के विभागों में बड़ा उलटफेर किया है। इससे समझा जा सकता है कि मंत्रिमंडल के विस्तार में देरी क्यों हो रही थी। प्रदेश में अब तक मंत्रिमंडल विस्तार में इनता बड़ा फेरबदल नहीं हुआ है।
फेरबदल से दूर तीन मंत्री, आठ में बदलाव
मंत्रिमंडल के विभागीय बदलाव का असर तीन मंत्रियों पर नहीं पड़ा है। इसमें वित्त मंत्री ओपी चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का नाम शामिल हैं। इनके अलावा सीएम सहित आठ मंत्रियों के विभाग में बदलाव हुआ है।
साव को अब खेल, लखन को आबकारी
डिप्टी सीएम अरुण साव से विधि और विधायी विभाग वापस लेकर खेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। पहले यह विभाग मंत्री टंकराम वर्मा के पास था। वर्मा को उच्च शिक्षा विभाग दिया गया है। लखन लाल देवांगन को आबकारी विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी गई है।
सामान्य प्रशासन द्वारा आदेश के मुताबिक मंत्री गजेंद्र यादव को स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग विकास एवं विधि-विधायी विभाग, मंत्री राजेश अग्रवाल को पयर्टन, संस्कृति धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व और गुरु खुशवंत साहेब को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार और अनुसचित जाति विकास विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह 10 मिनट तक चला। सुबह 10.30 बजे समारोह शुरू और 10.40 बजे समाप्त हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और भाजपा के पदाधिकारी सहित गणमान्य जन मौजूद थे।







Users Today : 10
Users Yesterday : 26