खेल प्रेमियों के लिए 22 मार्च को ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन’ का होगा आयोजन
रायपुर.बस्तर की धरती अब बदलाव की एक नई पदचाप सुनने को तैयार है। रविवार 22 मार्च को आयोजित होने वाली ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ न केवल खेल प्रेमियों के लिए एक मंच बनेगी, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की नई और सकारात्मक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का एक महा-अभियान भी साबित होगी। इसको लेकर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने इस गौरवशाली आयोजन में प्रदेशवासियों से इस मैराथन में अपनी अधिकतम सहभागिता की अपील की है।
केंद्र सरकार के ‘फिट इंडिया कैंपेन’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना इस मैराथन का एक प्रमुख लक्ष्य है। प्रशासन का ध्येय है कि बस्तर को ऊर्जा, सकारात्मकता और अटूट एकजुटता के प्रतीक के रूप में राष्ट्रीय मानचित्र पर गौरवान्वित किया जाए। कलेक्टर ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे न केवल स्वयं इस दौड़ के लिए पंजीयन कराएं, बल्कि अपने आसपास के लोगों, मित्रों और परिजनों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जितनी बड़ी भागीदारी होगी, बस्तर की एकजुटता का संदेश उतना ही सशक्त होकर उभरेगा। जगदलपुर में आगामी 22 मार्च को होने वाली इस दौड़ का ध्येय वाक्य ‘स्वस्थ बस्तर, शांतिपूर्ण बस्तर और सशक्त बस्तर’ रखा गया है, जो यहाँ के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की दिशा को दर्शाता है। इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने के लिए प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइटwww.bastarheritage.runपर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।






Users Today : 32
Users Yesterday : 54