May 5, 2026 11:30 pm

Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » उत्तरकाशी में बादल फटा, पंजाब हरियाणा में बाढ़ की स्थिति गंभीर

उत्तरकाशी में बादल फटा, पंजाब हरियाणा में बाढ़ की स्थिति गंभीर

138 Views

पंजाब में चार लाख से अधिक लोग प्रभावित, लाखों हेक्टेयर फसलें डूबीं… दिल्ली में यमुना अब भी खतरे के निशान से ऊपर

नई दिल्ली/शिमला/देहरादून। भारत में बारिश, बाढ़ व भूस्खलन से तबाही मची है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुना घाटी में बादल फटने से नौगांव में भारी नुकसान हुआ। कई मकान और वाहन मलबे में दब गए हैं। घरों में पहाड़ से आया मलबा भर गया है। चमोली जिले के ब्रह्मसैन में भूस्खलन से 150 मीटर सड़क धंसने से कई मकानों में दरारें पड़ गई हैं। पंजाब में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। दिल्ली में भी यमुना उफान पर है। हालांकि जलस्तर कुछ घटा है। पंजाब में दो हजार से अधिक गांव और चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। कई नदियां अब भी उफान पर हैं। लाखों हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद हो गई हैं। सड़कें और रिहायशी इलाके तबाही के मंजर बयां कर रहे हैं। हालांकि, बारिश थमने से स्थिति में कुछ सुधार हो रहा है।

पंजाब के फाजिल्का में बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालते राहतकर्मी।

हरियाणा के 5 जिलों में माइनर, ड्रेनें-तटबंध टूटे, 2748 गांव डूबे

हिसार। बारिश और नदियों के उफान में कमी आने के बावजूद हरियाणा के आठ जिलों को जलभराव से कोई राहत नहीं मिल पाई है। कैथल, सिरसा व हिसार में घग्गर नदी व ड्रेन ओवरफ्लो होकर तबाही मचा रही हैं जबकि फरीदाबाद में यमुना व कुरुक्षेत्र में मारकंडा खतरे के निशान पर बह रही है। इन पांचों जिलों में तीन तटबंध, दो-दो ड्रेनें व माइनर, एक छोटा बांध टूट गया। इससे 100 से अधिक गांवों में पानी भर गया और हजारों एकड़ फसल प्रभावित हुई है।

हिमाचल में कई जगह भूस्खलन

हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान एक दर्जन से ज्यादा क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं।प्रदेश में 824 सड़कें बंद हैं, 1,480 ट्रांसफॉर्मर और 336 पेयजल स्कीमें बाधित हैं। मनाली-लेह हाईवे तेरह दिन के बाद अटल टनल से होकर बहाल कर दिया गया है।

बादल फटने, बारिश और भूस्खलन से अब तक 366 लोगों की मौत हो चुकी है। 40 से अधिक लापता हैं।

जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग लगातार छठे दिन भी बंद

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बहाली का काम भारी बारिश के कारण बाधित हुआ। राजमार्ग रविवार को लगातार छठे दिन भी बंद रहा। वहीं, भूस्खलन से कटड़ा-रियासी मार्ग फिर बंद हो गया है। दक्षिण कश्मीर में धान व सेब की फसलों को बहुत नुकसान पहुंचा है।

खराब मौसम के कारण श्री माता वैष्णो देवी यात्रा रविवार को 13वें दिन भी बंद रही।

live36garh
Author: live36garh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *