सरायपाली। सिख इतिहास, संस्कृति और गुरबाणी पर आधारित विश्वप्रसिद्ध टीवी क्विज शो ‘आओ बनिए गुरसिख प्यारा’ अपने 37वें सीजन के दूसरे एपिसोड के साथ दर्शकों के बीच लौट रहा है। इस बार इसमें सरायपाली निवासी गुरुबख्शीश आहूजा की सुपुत्री एवं रायपुर निवासी सरदार गुरप्रीत सिंह की धर्मपत्नी नवनीत कौर सलूजा पहली बार हिस्सा लेंगी। नवनीत कौर अपनी विद्वता का परचम लहराने के लिए तैयार हैं। यह विशेष एपिसोड रविवार, 14 सितम्बर को सुबह 10:30 बजे चरदीकला टाइम्स टीवी चैनल पर प्रसारित होगा।
शो की अनूठी पहचान
‘आओ बनिए गुरसिख प्यारा’ सिख दुनिया में एक ऐसा मंच बन चुका है, जो अपने अनोखे प्रारूप के कारण विशेष पहचान रखता है। इसमें प्रतिभागियों को नौ चुनौतीपूर्ण प्रश्नों का सामना करना पड़ता है। प्रतियोगिता को और रोचक बनाने के लिए ऑडियो-विजुअल राउंड और दो लाइफलाइन भी दी जाती हैं। इसका उद्देश्य केवल ज्ञान की परख करना नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को गुरमत की गहराई और सिख संस्कृति की सुगंध से जोड़ना है।
सामाजिक भावना
नवनीत कौर ने शो में अपनी भागीदारी को लेकर उत्साह साझा करते हुए कहा कि यह मेरे लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। इस मंच ने न केवल मुझे अपने गुरमत ज्ञान को परखने का अवसर दिया है, बल्कि सिख इतिहास और गुरबाणी की गहराइयों को और निकट से समझने का भी मौका प्रदान किया है। मैं पूरी तैयारी के साथ इस चुनौती को स्वीकार कर रही हूँ और आशा करती हूँ कि मेरी यह यात्रा दर्शकों को प्रेरित करेगी।
दर्शकों की उत्सुकता
रायपुर की इस होनहार प्रतिभागी के प्रदर्शन को लेकर उत्सुकता चरम पर है। क्या नवनीत कौर ज्ञान और आत्मविश्वास के बल पर इस मंच का खिताब अपने नाम करेंगी? यह जानने के लिए दर्शकों को अब रविवार का इंतजार है।






Users Today : 41
Users Yesterday : 53