February 4, 2026 7:16 am

Home » सरायपाली » रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी में जुटा कोलता समाज

रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी में जुटा कोलता समाज

36 Views

तैयारी को लेकर कुल कार्यकारिणी एवं आंचलिक सभा की बैठक सम्पन्न

सरायपाली.बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के आराध्य देव श्री रणेश्वर भगवान का भव्य मंदिर का निर्माण गढ़ फुलझर स्थित माँ रामचंडी मंदिर परिसर में किया गया है जिनका प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन आगामी 23 से 27 मार्च 2026 तक रखा गया है। मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से आयोजित करने पूरा कोलता समाज तैयारी में जुटा हुआ है। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर विगत दिनों गढ़फुलझर स्थित रामचंडी मंदिर परिसर में कुल कार्यकारिणी सभा की आवश्यक बैठक रखी गई थी जिसमें बासंतीय नवरात्र एवं श्री रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी को लेकर विस्तृत विचार विमर्श कर चर्चा की गई। मिडिया प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि बासंतीय नवरात्र के अवसर पर रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन हो रहा है। इस समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए सामाजिक जनों ने अपने-अपने सुझाव प्रदान किया है तथा सुचारू रूप से समारोह आयोजित हो इसके लिए अलग-अलग समिति गठित करने एवं उसके सदस्य नियुक्त करने के लिए आंचलिक सभा एवं ग्राम सभा से सहयोग लिया जा रहा है। इसी तारतम्य में शनिवार को आंचलिक सभा सरायपाली की आवश्यक बैठक सामाजिक भवन झिलमिला में आहूत की गई। जिसमें पूजा रथ यात्रा की तैयारी, सहयोग राशि संग्रह एवं विभिन्न समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य चयन के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

चारों दिशाओं से निकलेगी चार भव्य रथ यात्रा

सचिव रंकमणि प्रधान ने बताया कि श्री रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को भव्यता प्रदान करने के लिए चारों दिशाओं से चार रथ यात्रा निकलेगी। पूर्व से पूजा रथ यात्रा निकाली जायेगी जिसकी जिम्मेदारी आंचलिक सभा सरायपाली को सौंपी गई है। पश्चिम दिशा से ध्वजा रथ यात्रा निकलेगी जिसका दायित्व आंचलिक सभा पिथोड़ा को दिया गया है। इसी तरह उत्तर दिशा से मूर्ति रथ यात्रा तथा दक्षिण दिशा से कलश रथ यात्रा निकलेगी जिसका दायित्व आंचलिक सभा बसना को दिया गया है। रथ यात्रा को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए समाज के पदाधिकारी एवं अनुभवी लोगों का सहयोग लेकर रूपरेखा तैयार की जा रही है। कुल कार्यकारिणी अध्यक्ष गिरधारी साहू ने बताया कि नवरात्रि के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अपार श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए अलग-अलग समितियां गठित कर जिम्मेदारी दी जा रही है। समाज द्वारा दानराशि संग्रह करने का कार्य किया जा रहा है। 11000 रूपये से अधिक की धनराशि दान करने वाले दानदाताओं का नाम नवनिर्मित रणेश्वर मंदिर में स्थापित शीलापट पर अंकित किए जाने का निर्णय लिया गया है। जिसके चलते सामाजिक बंधु बढ़ चढ़कर धन राशि दान कर रहे हैं।

धार्मिक आयोजन के साथ होगा मनोरंजक कार्यक्रम

19-27 मार्च तक नवरात्र पर्व का आयोजन धूमधाम से मनाया जाएगा। 23 मार्च को कलश अधिवास के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विधिवत शुभारंभ होगा। 25 से 27 मार्च को अखंड सोलह प्रहरी नामयज्ञ का आयोजन रखा गया है। प्रतिदिन दोपहर 2 से 5 बजे तक भक्तिमय प्रवचन होगा। 19 से 27 मार्च तक बरगढ़ धनु जात्रा के कंस दरबार की तर्ज पर जलंधर दरबार सजेगा। 23 व 24 मार्च को उड़ीसा के प्रसिद्ध दंडनृत्य एवं 25 व 26 मार्च को ओड़िसा का प्रसिद्ध अपेरा का आयोजन रखा गया है। दर्शकों के मनोरंजन के लिए विशाल मीना बाजार भी लगेगा जहां दर्शक झूला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मनोरंजक खेल, फूड पार्क, शॉपिंग आदि का मजा ले सकेंगे। मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 26 मार्च को होगा तथा ध्वजारोहण, गर्भ प्रवेश, शिखर कलश स्थापना 27 मार्च को संपन्न होगा। प्रत्येक दिन महा भंडारा के तहत प्रसाद वितरण किया गया।

live36garh
Author: live36garh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *