March 21, 2026 11:46 pm

Home » सरायपाली » सरायपाली से निकलेगी कल पूजा रथ यात्रा

सरायपाली से निकलेगी कल पूजा रथ यात्रा

5 Views

सरायपाली :- श्री रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए भव्य पूजा रथ यात्रा 22 मार्च को सरायपाली से गढ़फूलझर तक निकलेगी। जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक जन शामिल होंगे। पूजा रथ यात्रा निकालने की जिम्मेदारी सरायपाली आंचलिक सभा को मिली है जिसके लिए पूरा सरायपाली अंचल के बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज गढ़ फुलझर में आयोजित श्री रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर उत्साहित है।

प्राण प्रतिष्ठा के लिए पूजन सामग्री पुरी से लाकर एक रथ के माध्यम से 22 मार्च को सरायपाली से गढ़फूलझर तक भव्य पूजा रथ यात्रा एवं शोभा यात्रा बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ निकलेगी।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस रथ यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। यात्रा में सरायपाली आंचलिक सभा में सम्मिलित झिलमिला, तोरेसिंहा, कुसमीसराल, भोथलडीह, बारडोली, पुटका, चारभाठा, बाँझापाली, रोहिना एवं हरदी शाखा सभा के विभिन्न गाँवों से समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। रथयात्रा के माध्यम से भगवान श्री रणेश्वर बाबा एवं माँ रामचंडी के प्रति श्रद्धा और भक्ति प्रकट करते हुए पूरे अंचल में आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 22 मार्च को प्रातः 11:00 बजे नई मंडी सरायपाली में समाज के लोग एकत्रित होंगे। दोपहर 12 बजे भोजन पश्चात रथ यात्रा की तैयारी, सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। तत्पश्चात करीब 2 बजे पूजा रथ के साथ भव्य शोभा यात्रा प्रारंभ होगी जो निर्धारित मार्ग से होते हुए गढ़फुलझर पहुंचेगी। इस रथ यात्रा में पूजा रथ, शिव झांकी, जुगार रथ, नारियल रथ, सहित घंट पार्टी, सबरदा पार्टी, निशान बाजा, करमा नृत्य एवं कीर्तन मंडली आकर्षक का मुख्य केंद्र होगा। रथ यात्रा नई मंडी से प्रारंभ होकर जयस्तंभ चौक, बस स्टैंड, घंटेश्वरी मंदिर, तोरेसिंहा, गोहेरापाली एवं तोषगांव होते हुए गढ़फुलझर पहुँचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत, पुष्पवर्षा एवं सेवा कार्य किए जाने की भी तैयारियां की जा रही हैं। आंचलिक सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में एकता, भाईचारा एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम है। रथ यात्रा में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में सामाजिक जन शामिल होकर इस रथ यात्रा को ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बनाने की अपील आंचलिक अध्यक्ष प्रदीप साहू, उपाध्यक्ष जयंत बारीक, सचिव भूपेंद्र भोई, सहसचिव हिमांशु प्रधान, कोषाध्यक्ष गणेश साहू, कर्मचारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष सूर्यकांत बारीक, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष देवराज बारीक, व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष नरोत्तम बारीक तथा महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुजाता साहू सहित सभी शाखा सभा सभापतियों देवार्चन प्रधान, सुरेंद्र साहू, वृंदावन साहू, विश्वामित्र साहू, घूराउ नायक, सत्यानंद प्रधान, कुलमणि बारीक, गोपाल प्रधान, पंकज, गोपाल साहू एवं मिडिया प्रभारी कमलेश साहू द्वारा की गई है।

चार दिशाओं से निकलेगी चार रथ यात्रा

गढ़फुलझर में नवनिर्मित रणेश्वर मंदिर की बहु प्रतीक्षित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ 22 मार्च को प्रारंभ होने जा रहा है। चारों दिशाओं से चार रथ यात्राएं बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज अध्यक्ष गिरधारी साहू के मार्गदर्शन में निकलेगी जो इस समारोह का भव्य एवं आकर्षक बनाएगी। रथ यात्रा को लेकर समाज द्वारा व्यापक रूप से तैयारी की जा रही है तथा इन रथ यात्राओं को लेकर लोगों में बड़ी उत्सुकता है। मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता कमलेश साहू ने बताया कि पूर्व दिशा से पूजा रथ यात्रा सरायपाली आंचलिक अध्यक्ष प्रदीप साहू के नेतृत्व में नई मंडी प्रांगण से निकलेगी। जहां से नगर भ्रमण करते हुए जय स्तंभ चौक, बस स्टैंड, घटेश्वरी मंदिर, तोरेसिंहा, गोहेरापाली, तोषगांव होते हुए गढ़फूलझर पहुंचेगी। ध्वजा रथ यात्रा पश्चिम दिशा से पिथौरा आंचलिक अध्यक्ष षड़ानन भोई एवं रायपुर आंचलिक अध्यक्ष राधेश्याम प्रधान के नेतृत्व में थानेश्वर मंदिर पिथौरा से नगर भ्रमण करते हुए बल्दीडीह, सांकरा, साल्हेतराई, बसना होते हुए गढ़फुलझर पहुंचेगी। उज्जैन से लाया गया ध्वज एवं कपासीरा से पहुँचा शिखर कलश को रथ यात्रा के माध्यम से गाजे बाजे के साथ पहुंचाया जाएगा। रथ को 12 ज्योतिर्लिंग की आकर्षक झांकी के माध्यम से सजाया जायेगा। तीसरी रथ यात्रा उत्तर दिशा से बसना आंचलिक अध्यक्ष भोजराज प्रधान के नेतृत्व में ग्राम बम्हनी से मूर्ति लेकर निकलेगी। जहां से पथरला, झगरेनडीह, जीराडबरी, बसना होते हुए गढ़फुलझर पहुंचेगी। चौथी कलश रथ यात्रा कुलकार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीण भोई के नेतृत्व में दक्षिण दिशा से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल नरसिंहनाथ से जल लेकर निकलेगी। नरसिंहनाथ से बैदपाली, झारबंद, लउड़ीदरहा, होते हुए गढ़ फूलझर पहुंचेगी। पूजा पाठ के साथ विधिवत प्राण प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ होगा जो 23 से 27 मार्च तक चलेगा। जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगी।

live36garh
Author: live36garh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *