रायपुर.छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश की शासकीय स्कूलों में रिक्त पदों को भरने के लिए 1654 शिक्षकों की भर्ती करने का फैसला किया है। भर्ती प्रक्रिया को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने मंगलवार को विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके तहत ई एवं टी संवर्ग की शासकीय शालाओं में विभिन्न विषयों के शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे।
विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (सीजी व्यापम) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत समय-सारिणी और अन्य दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे। विभाग ने भर्ती परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी है। शिक्षक भर्ती परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
छह विषयों में होगी भर्ती
जारी विज्ञापन के मुताबिक, इस भर्ती अभियान के तहत कुल छह विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। सबसे अधिक पद अंग्रेजी विषय के लिए निर्धारित किए गए हैं। विषयवार रिक्त पद इस प्रकार हैं-
हिन्दी – 250 पद
संस्कृत -300 पद
अंग्रेजी – 504 पद
गणित – 250 पद
सामाजिक विज्ञान – 250 पद
कृषि – 100 पद
ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को आवेदन से लेकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तक की सभी औपचारिकताएं सीजी व्यापम के ऑनलाइन पोर्टल पर पूरी करनी होंगी। विभाग की ओर से आवेदन शुरू होने की तिथि, अंतिम तिथि, परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र जारी होने की तारीख और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर
राज्य में लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 1654 पदों पर नियुक्ति होने से शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ-साथ योग्य युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि भर्ती पूरी होने के बाद स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।






Users Today : 3
Users Yesterday : 74