खाद्य विभाग ने वैद्य फूड प्रोडक्ट फैक्ट्री पर देर रात छापा मारकर करीब 200 किलोग्राम पनीर सील किया। शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई में पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।
महासमुंद.एनालॉग पनीर पर लगे प्रतिबंध के बाद खाद्य विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में महासमुंद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भलेसर रोड स्थित ‘वैद्य फूड प्रोडक्ट’ फैक्ट्री पर देर रात शिकंजा कसा। शिकायत मिलने पर पहुंची टीम ने रात 12 बजे से तड़के 3 बजे तक फैक्ट्री में सघन जांच-पड़ताल की। इस दौरान पनीर की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया को परखते हुए सैंपल एकत्र किए गए।
200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर जब्त
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके से करीब 200 किलोग्राम तैयार पनीर बरामद कर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। पनीर के नमूनों को परीक्षण के लिए लैब भेज दिया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि लैब टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का कानूनी कदम उठाया जाएगा। यदि जांच में पनीर मिलावटी या प्रतिबंधित एनालॉग सामग्री से बना पाया जाता है, तो फैक्ट्री संचालक के खिलाफ सख्त नियमानुसार कार्रवाई होगी।
कारोबारियों में मचा हड़कंप
प्रतिबंध के बाद से प्रशासन डेयरी उत्पादों की शुद्धता को लेकर पूरी तरह सतर्क है। आम जनता तक सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से दुकानों और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स की लगातार चेकिंग की जा रही है। महासमुंद में हुई इस देर रात की कार्रवाई से इलाके के अन्य खाद्य कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है।






Users Today : 39
Users Yesterday : 24