भंवरपुर। क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भंवरपुर स्थित श्री श्याम हॉस्पिटल में ब्लड एवं कंपोनेंट सेंटर का शुभारंभ किया गया। 19 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं की उपस्थिति में ब्लड सेवाओं की विधिवत शुरुआत हुई।
इस सुविधा के शुरू होने से अब भंवरपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त एवं रक्त अवयवों के लिए महासमुंद, रायपुर अथवा अन्य दूरस्थ शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिलने में काफी मदद मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. लोकेश पटेल ने केंद्र की उपयोगिता और इसके उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण रक्त उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि केंद्र में संपूर्ण रक्त (होल ब्लड) के साथ-साथ पैक्ड रेड सेल्स, फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा और प्लेटलेट्स जैसे महत्वपूर्ण रक्त अवयवों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। कई गंभीर बीमारियों में मरीजों को संपूर्ण रक्त के बजाय विशेष रक्त अवयवों की आवश्यकता होती है। अब ऐसी जरूरतों को स्थानीय स्तर पर पूरा करने में सहायता मिलेगी।
इस सुविधा से सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, प्रसव के दौरान गंभीर स्थिति का सामना करने वाली महिलाओं, सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों, डेंगू के रोगियों तथा अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर जनपद सदस्य कृष्ण कुमार पटेल, भंवरपुर सरपंच कृष्ण कुमार सिदार, प्रमोद सागर, विद्या चौधरी, धर्मेंद्र पटेल, मनोज पटेल, विमल पटेल, सोमनाथ पटेल, आलोक दीप सहित हॉस्पिटल के चिकित्सकीय एवं सहयोगी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वैच्छिक रक्तदाता उपस्थित रहे।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अस्पताल प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे भंवरपुर और आसपास के ग्रामीण अंचल के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के अंत में अस्पताल प्रशासन ने जरूरतमंद मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से रक्तदान के लिए आगे आने और इस जनहितकारी अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
स्थानीय स्तर पर ब्लड एवं कंपोनेंट सेंटर की शुरुआत से भंवरपुर क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।






Users Today : 4
Users Yesterday : 84