Home » सरायपाली » सीएनसी डॉ. खंडेलवाल ने छत्तीसगढ़ स्काउटिंग के क्रियाकलापों की सराहना की

सीएनसी डॉ. खंडेलवाल ने छत्तीसगढ़ स्काउटिंग के क्रियाकलापों की सराहना की

13 Views

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छग का एक दिवसीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह में आयोजित

सेमिनार में महासमुंद जिले से 57 लीडर्स शामिल हुये

सरायपाली।भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में एक दिवसीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें महासमुंद जिले के 57 लीडर्स सम्मिलित हुये। कार्यक्रम में मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में डॉ. खंडेलवाल ने खरगोश और कछुए की कहानी के माध्यम से लक्ष्य प्राप्ति, निरंतर प्रयास और धैर्य का संदेश रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और युवाओं को सेवा एवं नेतृत्व के अवसर प्रदान करना स्काउटिंग के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ स्काउटिंग गतिविधियों, संगठनात्मक मजबूती, विभिन्न क्रियाकलापों की सराहना करते हुये भविष्य में बेहतर कार्य करने के लिए भी प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक अर्गल, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा तथा नेशनल ट्रिब्यून के संपादक एवं हरियाणा बीएसजी के उपाध्यक्ष नरेश कौशल ने भी अपना उद्बोधन दिया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंग खालसा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ निरंतर नए आयाम स्थापित करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने राज्य में संचालित स्काउटिंग गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। मंच पर राष्ट्रीय निदेशक अमर बी. छेत्री, राज्य उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता तथा रायपुर जिला अध्यक्ष जी. स्वामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने पीपीटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्काउटिंग की आगामी 10 वर्षों की कार्ययोजना, सदस्यता वृद्धि के लक्ष्य तथा संचालित यूनिट लीडर बेसिक कोर्स की विस्तृत जानकारी आंकड़ों के साथ प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राज्य आयुक्त (रोवर) अशोक देशमुख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राज्य सचिव अमित क्षत्रिय ने किया। समारोह में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त द्वय डॉ. पूनम साहू एवं श्रीमती सरिता पाण्डेय, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती जलवती साहू सहित राज्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, लीडर्स, रोवर्स, रेंजर्स, स्काउट्स और गाइड्स उपस्थित रहे।

जिले के लीडर्स को प्रशस्ति पत्र एवं अलंकरण से सम्मानित किया गया

समारोह के दौरान सीएनसी डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं अन्य अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के एलटी गिरीश कुमार पाढ़ी, दीर्घकालीन सेवा देने वाले स्काउटर संतोष साहू, गाइडर लीनू चंद्राकर, एडवांस कमिश्नर एतराम साहू, दाऊराम चंद्राकर, बेसिक कमिश्नर कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले आनंदराम साहू, नन्दकिशोर सिन्हा, प्रमोद कन्नौजे, शीत गुप्ता, भारत सिंह साहू, हिना ढालेन, विद्या साहू, अंजलि बरमाल, बद्री विशाल जोल्हे, लक्ष्मीकांत सोनी (बबलू) को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

live36garh
Author: live36garh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *