Home » Uncategorized » एससी-एसटी और अल्पसंख्यक वर्ग के वोट जानबूझकर काटे जा रहे : अंकित बागबाहरा

एससी-एसटी और अल्पसंख्यक वर्ग के वोट जानबूझकर काटे जा रहे : अंकित बागबाहरा

31 Views

पंडरीपानी में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन चौपाल में भाजपा पर साधा निशाना, मतदाता सूची का बूथवार मिलान करने की अपील

सरायपाली। देशभर में एससी-एसटी और अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं के नाम जानबूझकर मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। भाजपा सरकार पर यह गंभीर आरोप कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा ने पंडरीपानी में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन चौपाल में लगाए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद भी शामिल हुईं।

अंकित बागबाहरा ने कहा कि देश में आबादी बढ़ रही है, लेकिन मतदाताओं की संख्या में 13 करोड़ की कमी होना कई सवाल खड़े करता है। एसआईआर के जरिए एससी-एसटी और अल्पसंख्यक वर्ग के वोट काटने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बागबाहरा में उन्होंने लिखित शिकायत की थी, जिसमें करीब 100 लोगों के नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिए आवेदन दिए जाने की बात सामने आई थी।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 2023 की मतदाता सूची और एसआईआर के बाद 2026 की सूची का बूथवार मिलान करने की अपील की। कहा कि इससे मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों और कथित साजिश का खुलासा हो सकेगा। अमित शाह के बांग्लादेशी घुसपैठियों से जुड़े बयान पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि 12 साल से सीमा सुरक्षा केंद्र सरकार के हाथ में है, ऐसे में घुसपैठ की बात सरकार की विफलता दर्शाती है।

अंकित ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं होगा तो भविष्य में पासपोर्ट, टिकट, पेंशन और मकान जैसी सुविधाएं लेने में भी परेशानी हो सकती है। उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और बिजली बिल बढ़ाने को लेकर भी निशाना साधा। तंज कसते हुए कहा कि पहले अंधेरे से डर लगता था, अब जलती हुई लाइट से आने वाले बिजली बिल से डर लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में राम मंदिर के चंदे से लेकर वोट और पार्टी तक की चोरी हो रही है।

विधायक चातुरी नंद ने बाबा साहब के संविधान की रक्षा करने और लोकतंत्र को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी को जागरूक होना होगा।

कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष तन्मय पंडा, मंडल अध्यक्ष गणेश राम साहू, बीरांची बेताल, जिला महामंत्री भगत राम पटेल, किसान कांग्रेस के हेतराम पटेल, मोतीराम प्रधान, सदानंद पटेल, मोहन गुप्ता, अभय साहू, कीरटी प्रधान, सरपंच प्रवीण बारिहा, नरेश साहू, भोजराज साहू, सेन्धो के सरपंच विशाल, संपत पटेल, मुन्ना नायक और मुकेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

live36garh
Author: live36garh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *