महासमुंद। आर्थिक तंगी के कारण पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही बेलसोड़ा की एक मेधावी छात्रा ने कॉलेज शुल्क माफ कराने के लिए महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को आवेदन सौंपा है। छात्रा ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए शुल्क माफी अथवा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। आवेदन मिलने के बाद बेलसोड़ा क्रेशर की साझेदार सुनीता चंद्राकर ने छात्रा की पढ़ाई में सहयोग के लिए 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
आवेदन के अनुसार छात्रा रायपुर के गुढ़ी स्थित रिम्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग में पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसकी वार्षिक कॉलेज फीस 51 हजार रुपये है, जिसे जमा कर पाना परिवार के लिए संभव नहीं हो पा रहा है। छात्रा ने बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है, जबकि उसकी माता गृहिणी हैं। परिवार के पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं होने से उसकी पढ़ाई संकट में पड़ गई है।
छात्रा ने आवेदन में अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों का भी उल्लेख किया है। उसने कक्षा 10वीं में 82 प्रतिशत, 12वीं में 95 प्रतिशत तथा जीएनएम नर्सिंग में 81 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। छात्रा ने अपनी शिक्षा जारी रखने के लिए शासन और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा जताई है। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा भी महाविद्यालय प्रबंधन से बात कर शुल्क माफी में सहयोग करने आश्वासन दिया गया है।






Users Today : 71
Users Yesterday : 52