स्थानीय संसाधनों और जनसहयोग से संवारा स्कूल का वातावरण, बोर्ड परीक्षाओं में लगातार दे रहे शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम

रायपुर/सरायपाली : शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने के लिए शासकीय हाई स्कूल रोहिना (विकासखंड- बसना) का नाम राष्ट्रीय पटल पर चमका है। राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के बैनर तले राजधानी रायपुर में आयोजित गरिमामयी स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह 2026′ में संस्था के प्रभारी प्राचार्य अजय जायसवाल एवं व्याख्याता कमलेश साहू को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान’ से नवाजा गया।
समारोह के मुख्य अतिथि हरिभूमि एवं INH न्यूज़ के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी तथा विशिष्ट अतिथि शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्णानंद मिश्रा ने दोनों शिक्षाविदों को मंच पर स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। व्याख्याता श्री जायसवाल एवं श्री साहू द्वारा शिक्षण व्यवस्था में आधुनिक नवाचारों का समावेश करने के साथ-साथ स्थानीय व बोर्ड परीक्षाओं में लगातार शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है।
नवाचार और सामाजिक सहभागिता की अनूठी मिसाल
प्रभारी प्राचार्य अजय कुमार जायसवाल के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालयीन पत्रिका ‘बढ़ते कदम’ का लगातार दूसरे वर्ष सफल प्रकाशन किया गया है, जो बच्चों की रचनात्मकता को मंच दे रहा है। इसके साथ ही, स्कूल परिसर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए स्थानीय संसाधनों के सहयोग से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महा-अभियान के तहत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। शिक्षकों ने जन सहयोग को जोड़कर छात्रों के लिए निशुल्क हाउस ड्रेस, जूते-मोजे, पानी की बोतल और आई-कार्ड आदि की व्यवस्था कर ग्रामीण अंचल में एक उत्कृष्ट और निजी स्कूलों जैसा सुंदर शैक्षिक वातावरण तैयार किया है।
लेखन और स्काउटिंग में भी सक्रिय
सम्मानित व्याख्याता कमलेश साहू अध्यापन के साथ-साथ लेखन कार्य में भी निरंतर सक्रिय हैं। वे रोवर लीडर के रूप में भी स्काउट-गाइड गतिविधियों में अपना बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि श्री साहू को शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण के तहत ‘शिक्षा श्री’ के प्रतिष्ठित सम्मान से भी पूर्व में अलंकृत किया जा चुका है।
✍️ शीर्ष अधिकारियों ने दी बधाई और शुभकामनाएं”
शासकीय हाई स्कूल रोहिना के प्रभारी प्राचार्य श्री अजय जायसवाल और व्याख्याता श्री कमलेश साहू को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान मिलना पूरे जिले के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे नवाचार, शत-प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम और पर्यावरण संरक्षण के प्रयास सराहनीय हैं। यह सम्मान अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। मैं दोनों ही शिक्षकों को हार्दिक बधाई देता हूँ।”
बी. एल. देवांगन (जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद )
बसना विकासखंड के हमारे दो ऊर्जावान शिक्षकों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होते देखना बेहद सुखद है। शासकीय हाई स्कूल रोहिना में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण के क्षेत्र में जो कार्य हो रहा है, वह अनुकरणीय है। यह सम्मान बसना ब्लॉक के सभी शिक्षकों का सम्मान है। श्री जायसवाल और श्री साहू को इस बड़ी उपलब्धि पर मेरी ओर से ढेरों शुभकामनाएं।”
बद्री विशाल जोल्हे (विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बसना)






Users Today : 5
Users Yesterday : 52