मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण ‘शिक्षा श्री’ से सम्मानित कोलता समाज के इकलौते शिक्षक
सरायपाली। बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज संभाग रायपुर द्वारा बम्हनी में आयोजित नुआखाई मिलन सह सम्मान समारोह में शासकीय हाई स्कूल रोहिना में पदस्थ व्याख्याता कमलेश साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया। समाज द्वारा उनके शैक्षणिक योगदान, साहित्यिक सक्रियता एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया।
उत्कृष्ट शिक्षक के चयन की प्रक्रिया शाखा सभा एवं आंचलिक सभा माध्यम से संभागीय स्तर पर प्राप्त प्रविष्टियों के आधार पर की जाती है। इस प्रक्रिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का चयन कर उन्हें समाज के मुख्य मंच पर सम्मानित किया जाता है।
कमलेश साहू की इस उपलब्धि को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण ‘शिक्षा श्री’ सम्मान प्राप्त करने वाले वे समाज के इकलौते शिक्षक हैं। शिक्षा के क्षेत्र में प्राप्त इस प्रतिष्ठित सम्मान से उन्होंने न केवल अपने विद्यालय, बल्कि समाज को भी गौरवान्वित किया है।
शिक्षण कार्य के साथ-साथ कमलेश साहू साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करते हुये उन्हें पूर्व में कई प्रतिष्ठित पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। वे साहित्य सृजन के माध्यम से भी सामाजिक सरोकारों और शिक्षा से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। हाल ही में उनके द्वारा लिखी गई एक पुस्तक यात्रा वृतांत का प्रकाशन हुआ है जिसका विमोचन आगामी तीन अक्टूबर को वृंदावन हाल रायपुर में किया जाएगा।
नुआखाई मिलन सह सम्मान समारोह में कमलेश साहू को यह सम्मान प्राप्त होने पर विद्यालय परिवार, सहकर्मियों, इष्ट-मित्रों एवं परिजनों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






Users Today : 7
Users Yesterday : 111